कैखाली के जंगलों से 5 गिरफ्तार
भारी मात्रा में असला व बारूद बरामद
कोलकाता, समाज्ञा
राज्य पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे बंग्लादेशी समुद्री लुटेरों के मनसूबे पर पानी फेर दिया। एक अभियान के तहत पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले में सुंदरवन के कैखाली के जंगलों से 5 लुटेरों को भारी मात्रा में असला व बारूद के साथ पकड़ा। पुलिस सूत्रों के अनुसार सूचना मिली कि कैखाली के जंगलों में कुछ समुद्री लुटेरे डकैती की योजना बना रहे हैं। खबर मिलते ही नदी क्षेत्र में अपराधों पर रोकथाम में माहिर विशेष दस्ते बारुइपुर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने कार्रवाई करते हुए सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। गिरफ्तार 5 अभियुक्तों के नाम मो. अब्ाुर रहमान मोरोल (43), मिस्बा गाजी (25), जहिर शेख (19), अबदुल्ला अल ममून (19) व जहांगीर आलम गजी (19) हैं। सभी बंग्लादेश के सातखिरा और खुलना जिले के रहने वाले हैं। अभियुक्तों के पास से 5 देसी रायफल, एक देशी रिवाल्वर, 7 कारतूस व 7 बम जब्त किये गये हैं। सूत्रों ने बताया कि सभी डकैत सुंदरवन क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को लूटने के मकसद से भारतीय सीमा में घुसे थे। वहीं दूसरी ओर अभियुक्त लुटेरे मछली व शहद के जहाजों को भी लूटने की योजना बना रहे थे। तीन हफ्ते पहले इसी क्षेत्र के पीरखाली जंगल में बारुइपुर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप व उक्त अभियुक्तों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस मुठभेड़ में पुलिस ने उक्त गिरोह के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से भी भारी मात्रा में अग्नियास्त्र बरामद किये गये थे। बताते चलें कि सुंदरवन के जगंल से कई नदियों की शाका बहती है जो बांग्लादेश को जाती है। उन्हीं शाखाओं से बांग्लादेशी अपराधी सीमापार करते हैं और मछली पकड़ने या फिर पर्यटकों से लूटपाट करते हैं। इससे पहले सितम्बर माह में भी बांग्लादेश के चार समुद्री डकैतो को गिरफ्तार कर उनके पास से हथियार और विस्फोटक बरामद किया गया था। पुलिस सूत्रों ने बताया कि खुफिया सूचना के आधार पर बारुइपुर थाना पुलिस की अपराध शाखा ने दक्षिण 24 परगना के सुंदरवन में मातला नदी के किनारे बेनिपोली जंगल में छापा मारा और समुद्री डकैतोें को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जबकि अक्टूबर माह में सुंदरवन में पुलिस ने समुद्री डकैतों द्वारा एक जहाज के अपहरण की कोशिश को नाकाम कर दिया था। पुलिस व स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार घटना सुंदरवन के झाड़खाली की है। जहां देर रात को उक्त घटना घटी थी। मिली जानकारी के अनुसार एक मालवाही पानी के जहाज पर समुद्री डकैत कब्जा करने के लिए जलमार्ग से आये और वह लोग जहाज पर कब्जा करने वाले थे कि तभी पुलिस द्वारा उक्त बांग्लादेशी समुद्री डकैतों को चुनौती दी गयी।