अभियुक्त पति फरार
गले व हाथ पर मिले कटने का निशान
कोलकाता, समाज्ञा
रााजाबागान थाना अंतर्गत डॉ. ए.के. रोड पर एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गयी। इस हत्या का आरोप महिला के पति पर लगा है। मृतका का नाम इशरत जहां 36 था। वहीं अभियुक्त पति मो. नसिरुद्दीन उर्फ नसरु (46) फरार बताया जा रहा है। अभियुक्त पेशे से ऑटो ड्राइवर है। सूत्रों के अनुसार दोनों उक्त स्थान पर किरायेदार के तौर पर 2 महीने पहले रहने के लिए आए थे। इस दौरान मंगलवार को कई बार स्थानीय महिलाओं द्वारा पुकारे जाने पर जब उसने कोई जवाब नहीं दिया तो लोगों को शक हुआ। सूचना पाते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर गयी। कमरे के अंदर जाने पर पुलिस ने महिला को रक्तरंजित अवस्था में पड़ा हुआ पाया। डीसी पोर्ट सय्यद वकार राजा ने बताया कि महिला के गले व दाहिने हाथ पर कटने का निशान है और उसका पति फरार है। अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतका के पति ने ही उसकी हत्या की होगी। दूसरी ओर स्थानीय लोगों का कहना है कि आए दिन दोनों पति पत्नी आपस में झगड़ते रहते थे।