हावड़ा,समाज्ञा: डोमजूड़ विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राजीव बनर्जी के समर्थन में चुनाव प्रचार करने बांकड़ा पहुंचे वरिष्ट भाजपा नेता शहनवाज हुसैन को पुलिस ने रैली करने से रोक दिया। पुलिस के इस रवैये के खिलाफ दोनों भाजपा नेता अपने कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गये।
-क्या है पूरा मामला
डोमजूड़ विधानसभा क्षेत्र के बांकड़ा में राजीव बनर्जी के समर्थन में भाजपा की ओर से एक रैली का आयोजन किया गया था। इस रैली में शहनवाज हुसैन पहुंचे थे। दोनों नेताओं के नेतृत्व में कोना एक्सप्रेव वे के पास से रैली निकली। जानकारी के अनुसार, रैली के सरदार पाड़ा पहुंचने पर पहले से तैनात पुलिस ने रैली को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गयी। पुलिस की ओर से कहा गया कि रैली के कारण इलाके में कानून व्यवस्था बिगड़ सकती है, इसलिए रैली करने की अनुमति नहीं दी जायेगी। इसके लिए पुलिस की ओर से बैरिकेडिंग की गयी थी। जबकि भाजपाई बैरिकेड को तोड़कर आगे जाने की कोशिश कर रहे थे। बाद में पुलिस के इस फैसले के खिलाफ दोनों राजीव बनर्जी और शहनवाज हुसैन कार्यकर्ताओं के साथ धरने पर बैठ गये। पुलिस के इस फैसले के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। करीब आधे घंटे तक धरना प्रदर्शन चला। इसके बावजूद पुलिस ने रैली करने की इजाजत नहीं दी जिसके बाद भाजपा समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। गुस्साएं कार्यकर्ताओं ने कोना एक्सप्रेस वे पर पथावरोध शुरू कर दिया। मामले की जानकारी पर दोनों जगहों पर अधिक संख्या में पुलिस पहुंची। घटनास्थल पर रैफ को भी उतारा गया।
इस मामले पर शहनवाज हुसैन ने कहा कि जो हालत बंगाल की हो गई है, ऐसी तो कश्मीर में भी नहीं है। ममता बनर्जी पुलिस के कंधे पर बैठकर खेला खेल रही हैं। यहां की हालत कश्मीर से भी बदतर है। प्रत्याशी को चुनाव प्रचार करने से रोका जा रहा है। नंदीग्राम में अपनी हार भापने के बाद वह बौखला गयी हैं। वहीं राजीव बनर्जी ने कहा कि यह कैसा राज्य है, जहां उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार करने से रोका जाता है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की जाएगी। दो मई के बाद सभी को देख लिया जाएगा।
डोमजूड़ में राजीव के समर्थन में रैली कर रहे शहनवाज हुसैन को पुलिस ने रोका, धरने पर बैठे
