प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने बीजेएमटीयू को दी बीजेपी समर्थित मजदूर संगठन की मान्यता
कोलकाता, समाज्ञा : भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूीनयन (बीजेएमटीयू) ने कुछ दिन पहले यह आरोप लगाया था कि कुछ लोग भारतीय जनता पार्टी समर्थित मजदूर ट्रेड यूनियन होने का दावा कर लोगों से चंदा वसूलने में लगे हैं। इसके अलावा वे भाजपा के शीर्ष नेताओं के फोटो का इस्तेमाल पोस्टरों पर कर रहे हैं। बीजेएमटीयू ने यह भी दावा किया कि उन लोगों ने गलत तरीके से प्रदेश भाजपा के राज्य उपाध्यक्ष राजकमल पाठक को एक कार्यक्रम में भी बुलाया था, ताकि लोगों को यह यकीन दिलाया जा सके की वे भी उस मजदूर ट्रेड यूनियन का समर्थन करते हैं। इसकी जानकारी लगते ही राजकमल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर कहा कि वे उक्त मजदूर ट्रेड यूनियन के कार्यक्रम में केवल एक अतिथि के तौर पर गये थे और उनका उससे कोई संबंध नहीं है। वहीं दूसरी ओर बीजेएमटीयू के महासचिव राहुल साव द्वारा जानकारी मिलने के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने कदम उठाते हुए एक बयान जारी किया जिसमें उन्होंने लिखा कि ट्रेड यूनियन गतिविधियों की देख-रेख के लिए बीजेपी की ओर से केवल भारतीय जनता मजदूर ट्रेड यूनियन (बीजेएमटीयू) को मान्यता दी गयी है और यह भारतीय व्यापार संघ अधिनियम 1926 के तहत अधिकृत है। बीजेएमटीयू के अध्यक्ष बबन घोष ने कहा कि कुछ लोग जानबूझ कर भाजपा का नाम बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग एनजीओ स्थापित कर उसे भाजपा के नाम से जोड़ देते हैं और बाजार से चंदा लेते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे सत्तारुढ़ पार्टी के लोगों का हाथ है, ताकि वे जनता के मन में भाजपा की गलत छवि बना सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2018 में बीजेएमटीयू की स्थापना के बाद से अबतक लिखित तौर पर 5 लाख 17 हजार मजदूर पार्टी से जुड़े हैं और लगभग 40 हजार बूथ में पार्टी के एजेंट हैं जो चुनावके दौरान भाजपा के लिए हमेशा तत्पर हैं।