कोलकाता : राज्य में बढ़ते कोरोना कहर के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को सर्वदलीय बैठक की। बैठक में राज्य विधानसभा के सभी दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहें। राज्य सचिवालय नवान्न में हुई बैठक के बाद सीएम ममता ने राज्य में 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जहां तक कोरोना की स्थिति का सवाल है, सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा के बाद राज्य में 31 जुलाई तक लॉकडाउन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, इसके पहले जिन क्षत्रों में छूट दी गई है, वह उसी प्रकार रहेगी। इसके पहले मुख्यमंत्री ने 30 जून तक के लिए लॉकडाउन की घोषणा की थी। हालांकि, राज्य सरकार ने राज्य में सभी सरकारी और निजी कार्यालयों, धार्मिक संस्थानों, शॉपिंग मॉल और रेस्तरां खोलने की अनुमति दी है। बस-टैक्सी-फेरी सेवा भी शुरू की गई है। लेकिन, कोरोना संक्रमण के खतरे को ध्यान में रखते हुए ट्रेन-मेट्रो रेल को अभी भी बंद रखा गया है। इस दिन, सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि बैठक में शामिल हुए कई प्रतिनिधियों ने परिवहन व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। सरकार इसकी भी व्यवस्था कर रही है। लॉकडाउन के बारे में कई राय थी। कुछ लोगों ने कहा लॉकडाउन पर और कड़ाई की जाए। मैंने सब कुछ सुना। हालांकि, हम 31 जुलाई तक लॉकडाउन का विस्तार करने पर सहमत हुए हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय 31 जुलाई तक बंद रहेंगे। लेकिन, बाकी परीक्षाएं घोषणा के मुताबिक ही आयोजित की जाएंगी। पहले जिन क्षेत्रों में छूट दी गई थी, वह जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर कोई बदलाव होता है, तो इसे बाद में सूचित किया जाएगा।
सीएम ममता का बड़ा ऐलान, 31 जुलाई तक बढ़ाया गया लॉकडाउन
