नयी दिल्ली : दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ ने एक इन्स्टाग्राम ग्रुप के एडमिन को गिरफ्तार कर लिया है। ‘‘ब्वॉइज लॉकर रूम’’ नामक इस ग्रुप के 18 वर्षीय इस एडमिन ने इस साल बारहवीं बोर्ड की परीक्षा दी है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस ग्रुप का इस्तेमाल अश्लील संदेशों तथा बच्चियों की छेड़छाड़ से तैयार की गई तस्वीरें सोशल मीडिया साइट पर शेयर करने के लिए किया जाता था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किया गया नाबालिग एडमिन दिल्ली- एनसीआर के एक स्कूल का छात्र है। इस ग्रुप के 18 साल से अधिक उम्र के चार सदस्य बुधवार को जांच में शामिल हुए।
उन्होंने बताया कि ग्रुप से जुड़े कछ किशोरों से उनके घर में, उनके अभिभावकों तथा गैर सरकारी संगठनों के सदस्यों की मौजूदगी में पूछताछ की गई।
उन्होंने बताया कि सोमवार को एक किशोर को पकड़ा गया था, जो इस ग्रुप का सदस्य है।
पुलिस ने बताया कि नाबालिगों सहित, इस ग्रुप के दस सदस्यों की भी पहचान की गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की गई और अपराध के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों को जब्त कर लिया गया।
दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पीआरओ अनिल मित्तल ने बताया ‘‘साइपैड यूनिट ने कथित ग्रुप और उसके सदस्यों के बारे में इन्स्टाग्राम से जानकारी मांगी है। अभी जवाब का इंतजार किया जा रहा है। ग्रुप के सदस्यों के पास से उपकरण लेकर जब्त कर लिए गए हैं। इन उपकरणों को फॉरेन्सिक विश्लेषण के लिए भेजा गया है।’’
उन्होंने बताया कि ग्रुप के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
इन्स्टाग्राम ग्रुप ‘‘ब्वॉइज लॉकर रूम’’ का एडमिन गिरफ्तार
