अलीपुर कांड : पूर्व प्रेमिका थी दाम्पत्य कलह का कारण !

कोलकाता, समाज्ञा : रसिका जैन अग्रवाल की रहस्यमय मौत की घटना में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। आरोप है कि रसिका का पति कुशल अग्रवाल शादी के बाद भी अपनी पूर्व प्रेमिका से नियमित बातचीत करता था। इस वजह से रसिका परेशान रहा करती थी। आरोप है कि 14 फरवरी को वैलेंटाइन डे के मौके पर भी रसिका और कुशल के बीच इस विषय को लेकर काफी विवाद हुआ था। जिसके कारण रसिका मानसिक अवसाद से जूझ रही थी।
शादी के एक साल और सात दिनों के भीतर, 18 फरवरी को उद्योगपति कुशल अग्रवाल की पत्नी रसिका जैन अग्रवाल का निधन हो गया। शुरुआत में, यह मामला आत्महत्या का बताया जा रहा था लेकिन मृतिका के माता और पिता ने बेटी की हत्या करने की साजीश का आरोप दामाद और बेटी के ससुराल वालों के खिलाफ लगाया और थाने में शिकायत दर्ज कराई। रसिका के पिता महेंद्र कुमार जैन ने अपने दामाद कुशल अग्रवाल और परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ दक्षिण कोलकाता के अलीपुर पुलिस स्टेशन में आत्महत्या के लिए उकसाने, दुल्हन के साथ दुर्व्यवहार करने और साजिश रचने का मामला दर्ज कराया है। मामले की जांच में कुशल अग्रवाल की पूर्व प्रेमिका से संबंध की बात सामने आई है।
रसिका के पिता, महेंद्र कुमार जैन ने बताया कि कुशल कई तरह के ड्रग्स का सेवन करता था। रसिका ने कई बार आपत्ति जताई थी। जिसके बाद कुशल उसे प्रताड़ित करता था। रसिका के परिवार के सदस्यों ने बताया कि पिछले साल नवंबर में रशिका के माता, पिता और अन्य लोग दाम्पत्य अशांति को सुलझाने के लिए बेटी के
ससुराल भी गए थे लेकिन इसके बाद भी रसिका पर यातना बंद नहीं हुई। 18 फरवरी को रसिका ने अपनी मां संगीता जैन के मोबाइल फोन पर एक मैसेज किया था उन्होंने ससुराल द्वारा किए जा रहे यातनाओं को असहनीय बताया था। कुछ घंटों के भीतर ही लड़की के ससुराल से फोन आया और रसिका के परिवार को बताया गया कि वह दोपहर करीब 2.30 बजे डीएल खान रोड स्थित अपने चौथे मंजिल के फ्लैट से गिर गई। घर में मौजूद सभी लोग अस्पताल पहुंचे। इलाज के दौरान रात 9.35 बजे रसिका की अस्पताल में मौत हो गई। अगले दिन रसिका के पिता ने न्यू अलीपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने कुशल के खिलाफ मामला दर्ज किया। कुशल के पिता, उद्योगपति नरेश अग्रवाल ने कहा कि 16 फरवरी को हुई घटना के समय वह और उनका बेटा घर पर नहीं थे। पुलिस घटना की जांच कर रही है। उन्होंने दावा किया कि लड़के के खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
वहीं दूसरी तरफ प्रारंभिक जांच के बाद, पुलिस ने बताया कि रसिका एक मनोवैज्ञानिक की कंसल्ट में थी। पुलिस उक्त मनोवैज्ञानिक से भी पूछताछ करेगी। वहीं रसिका के घर के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। पुलिस जैन परिवार से भी पूछताछ कर रही है लेकिन अग्रवाल परिवार से अभी तक किसी से पुछताछ नहीं की जा सकी है। संभावना है कि वे गिरफ्तारी से बच रहे हैं। रसिका के पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, रसिका दक्षिण कोलकाता के एक प्रतिष्ठित कॉलेज की मेधावी छात्रा थी। बीबीए उत्तीर्ण करने के बाद, सिंगापुर विश्‍वविद्यालय से मास्टर डिग्री प्राप्त की थी। दूसरी तरफ रसिका के ससुराल वाले काफी प्रभावशाली परिवार के माने जाते हैं। उनके राज्य में कई होटल और रिसॉर्ट हैं। वे एक सीमेंट कंपनी के मालिक भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *