कोलकाता : संसद में पारित हो चुके नागरिकता (संशोधन) विधेयक के मुद्दे पर शहर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी। पार्टी सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस की पश्चिम बंगाल इकाई ने शहर में डेंगू के बढ़ते मामलों के खिलाफ रैली निकाली थी। उन्होंने बताया कि यह रैली एसप्लानेड इलाके में तृणमूल कांग्रेस शासित कोलकाता नगर निगम के मुख्यालय तक जाने वाली थी। हालांकि, नागरिकता (संशोधन) विधेयक पारित होने का जश्न मना रहे भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल एवेन्यू मार्ग पर ही उन्हें रोक दिया। उन्हांने बताया कि दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो गयी जिसके बाद हालात पर नियंत्रण के लिए पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी को वहां भेजा गया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की रैली को रोका, झड़प
