बंगाल में विदेशियों ने सबसे ज्यादा किये हैं अपराध, पूरे देश में बंगाल है शीर्ष पर
वर्ष 2017 की तुलना में वर्ष 2018 में मामलों में आयी है कम
कोलकाता : पूरे देश जहां अब नागरिकता संसोधन बिल लाये जाने को लेकर विवाद छिड़ा हुआ है, वहीं देश में विदेशियों द्वारा कई अपराधिक घटनाएं सामने आयी है। देश में विदेशियों के के खिलाफ ठगी, फर्जीवाड़ा के मामले के अलावा सबसे ज्यादा मामले अवैध रूप से भारत में प्रवेश के है। इतना ही नहीं बंगाल इन मामलों में सबसे आगे हैं। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों पर गौर किया जाये तो विदेशियों ने बंगाल में सबसे ज्यादा अपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है। बंगाल में विदेशियों के खिलाफ 744 मामले दर्ज किये गये हैं। वर्ष 2017 में बंगाल में विदेशियों के खिलाफ 1098 मामले दर्ज हुए थे जबकि वर्ष 2016 में 520 मामले दर्ज हुए थे। वहीं दूसरे स्थान पर कर्नाटक है जहां 175, तीसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश जहां 147, चौथे स्थान पर गोवा है जहां 138 तथा पांचवें स्थान पर तमिलनाडु है जहां 96 मामले दर्ज हुए हैं। हालांकि छठवें स्थान पर पंजाब है जहां 74 मामले, सातवें स्थान पर तेलंगाना, जहां 49 मामले, आठवें स्थान पर उत्तरप्रदेश तथा हरियाणा, जहां 35 मामले, नौवें स्थान पर राजस्थान है जहां 33 मामले और दसवें स्थान पर असम है जहां 31 मामले दर्ज किये गये हैं।
बंगाल में अवैध रूप से विदेशियों के प्रवेश के सबसे ज्यादा मामले
एनसीआरबी रिकॉर्ड के अनुसार बंगाल में विदेशियों के खिलाफ अवैध रूप से प्रवेश के 685 मामले दर्ज किये गये हैं जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में भी शीर्ष है। हालांकि चिटिंग के 18 मामले, फर्जीवाड़ा के 34 मामले, नार्कोटिक्स के 3 मामले और पासपोर्ट एक्ट के तहत 1 मामले दर्ज किये गये हैं।
पूरे देश में 3822 विदेशियों को किया गया है गिरफ्तार
आंकड़ों के अनुसार पूरे देश में 3822 विदेशियों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें पुरुषों की संख्या 2859 है जबकि महिलाओं की संख्या 963 है। वहीं 3063 विदेशियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गयी है जिनमें पुरुषों की संख्या 2673 और महिलाओं की संख्या 390 है। कुल 31 महिला विदेशियों को डिस्चार्ज किया गया है वहीं 1006 विदेशियों को दोषी करार दिया गया है जिनमें 937 पुरुष और 69 महिला विदेशी शामिल है। इसके साथ ही 245 विदेशियों को निर्दोष करार देकर बरी कर दिया गया है। इनमें 220 पुरुष और 25 महिला विदेशी शामिल है।
विदेशियों के खिलाफ मामले में टॉप 10 राज्य
बंगाल 744
कर्नाटक 175
हिमाचल प्रदेश 147
गोवा 138
तमिलनाडु 96
पंजाब 74
तेलंगाना 49
उत्तरप्रदेश एवं हरियाणा 35
राजस्थान 33
असम 31
Written bye- बबीता माली