नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव के बाद से ही बिना अध्यक्ष के चल रही कांग्रेस पार्टी को आज नया अध्यक्ष मिल जाएगा। 25 मई को कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाले राहुल गांधी कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि नया अध्यक्ष गांधी परिवार से नहीं होगा, प्रियंका गांधी वाड्रा भी नहीं। हालांकि, कांग्रेस के तमाम नेता खुलकर प्रियंका के नाम की वकालत कर चुके हैं। कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक जारी है और अध्यक्ष पद के लिए तमाम नेताओं के नाम चर्चा में हैं। आइए बताते हैं उन संभावित नामों को जिन्हें मिल सकती है कांग्रेस की कमान और क्या है उन नेताओं की खासियत। शशि थरूर, कैप्टन अमरिंदर सिंह, कर्ण सिंह जैसे कांग्रेसी दिग्गजों ने प्रियंका गांधी वाड्रा को अध्यक्ष बनाने की पुरजोर मांग कर चुके हैं। थरूर ने जहां प्रियंका को करिश्माई नेता बताया है, वहीं कर्ण सिंह ने उन्हें ऐसी शख्सियत करार दिया है जो बतौर अध्यक्ष कांग्रेस को एक सूत्र में बांधकर रख सकती हैं। किसी युवा को पार्टी की कमान सौंपने की मांग करने वाले अमरिंदर सिंह ने बाद में प्रियंका को सबसे अच्छा विकल्प बताया। प्रियंका गांधी वाड्रा राहुल गांधी की बहन हैं। उन्होंने बतौर कांग्रेस महासचिव इसी साल पॉलिटिक्स में एंट्री ली है। सोनभद्र नरसंहार मामले में वह हाल ही में योगी सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवरों की वजह से चर्चा में थीं और पार्टी के भीतर उनकी तुलना दादी इंदिरा गांधी से की जाने लगी थी। हालांकि, कांग्रेस के पूर्वी यूपी प्रभारी के तौर पर उनका प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और लोकसभा चुनाव में वह अपने प्रभार वाले क्षेत्रों में पार्टी का खाता तक नहीं खुलवा पाईं। उनकी मां सोनिया गांधी 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश से जीतने वाली कांग्रेस की इकलौती सांसद रहीं। इसके अलावा पति रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और जमीन घोटाले के आरोप भी प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है।
कांग्रेस को आज मिल सकता है नया अध्यक्ष, रेस में प्रियंका समेत कई दिग्गज
