भाजपा के प्रदर्शन के खिलाफ कांग्रेस ने निकाली रैली, पुलिस के साथ झड़प

कोलकाता : राफेल मुद्दे पर यहां भाजपा के प्रदर्शन के खिलाफ आयोजित की गई एक रैली के दौरान शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हो गई। इससे पूर्व भाजपा के युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने यहां पश्‍चिम बंगाल कांग्रेस मुख्यालय के बाहर शनिवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने राफेल लड़ाकू विमानों के सौदे पर ‘झूठ’ फैलाने को लेकर कांग्रेस और इसके नेता राहुल गांधी द्वारा ‘माफी’ मांगे जाने की मांग की। इस बीच कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि यह आंदोलन अलोकतांत्रिक है और उन्होंने राज्य भाजपा मुख्यालय के बाहर मध्य कोलकाता में एक रैली निकाली। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए भाजपा कार्यालय के बाहर बैरिकेड लगाये। पुलिसकर्मियों ने कांग्रेस प्रदर्शनकारियों को शांत करने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पुतला फूंका। इसके बाद जब उन्होंने भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। जिसके बाद कथित तौर पर पुलिस पर सड़े हुए अंडे और स्याही फेंके गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यातायात बाधित किया। पुलिस ने जाम खुलवाया और कांग्रेस के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *