आरोप, कोरोना से हुई मौत को छिपाने की थी कोशिश
हावड़ा : अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती एक व्यक्ति की मृत्यु होने के बाद रात के अंधेरे में उसका शव दफनाने पर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। निगम के कर्मियों को घेरकर लोगों ने घंटों प्रदर्शन किया। हालांकि बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों पर लाठीचार्ज किया था। यह मामला आंदूल रोड इलाके का है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक गत 6 मार्च को हज करने गया था और 13 मार्च को वापस लौटा था। इसके बाद उसकी तबीयत खराब रहने लगी। स्थानीय डॉक्टर को दिखाने के बाद भी जब तबीयत में सुधार नहीं हुआ तब गत बुधवार यानी एक अप्रैल को उसे नार्थ हावड़ा स्थित सत्यबाला आईडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान संदिग्ध के परिवार के अन्य 7 लोगों को भी आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। अस्पताल में संदिग्ध व्यक्ति के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया था। हालांकि रिपोर्ट आने से पहले ही गुरुवार को उसकी मौत हो गयी। इधर सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार की रात तक शव को अस्पताल के आइसोलेशन में ही अलग करके रखा गया था। फिर नगर निगम के कर्मचारी शव को प्लास्टिक में लपेट कर देर रात के अंधेरे में आंदूल रोड के पास एक कब्रिस्तान में ले गए। वहीं निगम कर्मियों ने जब सब को दफनाने की प्रक्रिया शुरू की तभी कुछ लोगों की नजर उन पर पड़ी जिसके बाद हंगामा मचना शुरू हो गया।
आंदूल रोड इलाके के स्थानीय निवासियों का आरोप है कि लोगों से छिपाकर शव को दफनाया जा रहा था। उन्होंने मामले को देखा तब इसका विरोध किया। धीरे-धीरे एक के बाद एक कई स्थानीय लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने विरोध किया कि शव को आधी रात को क्यों दफनाया जा रहा है। मामले की जानकारी मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। कथित तौर पर पुलिस ने हंगामा कर रहे स्थानीय लोगों पर लाठीचार्ज किया। बाद में स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर रैफ को भी उतारा गया। लेकिन प्रशासन और अस्पताल के अधिकारी मामले पर कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।
इधर हावड़ा बीजेपी के अध्यक्ष सुरोजित साहा ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार कोरोना से हो रही मौत के आंकड़ों को छिपा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उक्त व्यक्ति की मौत कोरोने से हुई है लेकिन हावड़ा प्रशासन इसे छिपा रहा है यही कारण है कि मृतक के शव को आधी रात को सबसे छिपाकर दफनाया गया।