पहली बार खिलाड़ियों को ‘वर्चुअली’ राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया गया

नयी दिल्ली: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कोविड-19 महामारी के कारण शनिवार को ऑनलाइन आयोजित किये गये समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़यों को सालाना राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया जो कई शहरों से ‘लाग इन’ हुए।इस साल 74 खिलाड़ियों को राष्ट्रीय पुरस्कार के लिये चुना गया जिसमें पांच को खेल रत्न और 27 को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया। इनमें से 60 खिलाड़ियों ने भारतीय खेल प्राधिकरण के 11 केंद्रों से वर्चुअल समारोह में हिस्सा लिया।

रोहित शर्मा और इशांत शर्मा समारोह में शामिल नहीं हो सके
क्रिकेटर रोहित शर्मा (खेल रत्न) और इशांत शर्मा (अर्जुन पुरस्कार) समारोह में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वे इंडियन प्रीमियर लीग की प्रतिबद्धता के लिये संयुक्त अरब अमीरात में हैं जबकि स्टार पहलवान विनेश फोगाट (खेल रत्न) और बैडमिंटन खिलाड़ी सत्विकसाइराज रंकीरेड्डी (अर्जुन पुरस्कार) को कोविड-19 पॉजिटिव पाये जाने के बाद समारोह से हटना पड़ा।

रोहित और विनेश के अलावा तीन अन्य खेल रत्न पुरस्कार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा, पैरालंपिक स्वर्ण पदकधारी मरियप्पन थांगवेलु और महिला हॉकी कप्तान रानी रामपाल को दिये गये जिन्होंने समारोह में हिस्सा लिया।मनिका ने पुणे से जबकि थांगवेलु और रानी ने भारतीय खेल प्राधिकरण के बंगलुरू केंद्र से ‘लॉग इन’ किया।राष्ट्रपति कोविंद ने भाग लेने वाले पुरस्कार विजेताओं की प्रशंसा की जिनके नाम पुकारे गये और उनकी उपलब्धियों बतायी गयीं। हालांकि राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल की कमी महसूस हुई, जहां यह समारोह आयोजित किया जाता है।

खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने समारोह शुरू होने से पहले कहा, ‘‘कोविड-19 के दौरान यह पहला पुरस्कार समारोह है जिसमें राष्ट्रपति उपस्थित हुए हैं। इस साल खिलाड़ियों के नकद पुरस्कारों में बढ़ोतरी की गयी है। आज सुबह खेल रत्न की पुरस्कार राशि को 25 लाख रूपये तक बढ़ा दिया गया जो पहले 7.5 लाख रूपये थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *