हावड़ा, समाज्ञा
हावड़ा थानांतर्गत के एमसी घोष लेन से बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक छोटी सी बात पर पारिवारिक विवाद के कारण एक महिला ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या कर दी। आरोपी महिला पल्लवी घोष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मृतकों के नाम सास माधवी घोष(56), जेठ देबाशीष घोष(36), जेठानी रेखा घोष(30) और टियासा घोष(13) है। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर आरोपी पल्लवी ने अपना जुर्म कबूला है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से पल्लवी का उसके परिवार के साथ विवाद बना हुआ था। पल्लवी ने करीब 10 साल पहले देवराज के साथ प्रेम विवाह किया था। देवराज कुछ कमाता नहीं था। जिस कारण लगभग हर दिन पल्लवी को परिवार के अन्य सदस्यों से अपशब्द सुनने पड़ते थे। नतीजतन, वह मानसिक अवसाद से पीड़ित थी। बुधवार रात को बाथरूम में नल के खुला रहने के कारण पल्लवी का अपने परिवार के सदस्यों के साथ झगड़ा शुरू हो गया। झगड़ा बाद में इतना बढ़ गया कि पल्लवी अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पायी और कटारी से अपनी सास, जेठ, जेठानी, और उनकी 13 वर्षीय बेटी की हत्या कर दी। घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पल्लवी को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से ही पल्लवी का पति देवराज घोष फरार है। इस मामले में हावड़ा के पुलिस आयुक्त प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि पल्लवी को बहुत जल्दी गुस्सा आता था। वे काफी दवाईयां भी खाती थी। अनुमान लगाया जा रहा है कि पल्लवी ने गुस्से में आकर कटारी से हत्या को अंजाम दिया। वहीं पति देवराज के फरार होने पर बताया कि पति की भूमिका का अब तक पता नहीं चल पाया है। पति के मिलने के बाद ही कुछ पता चला पाएगा। आरोपी पल्लवी को हावड़ा कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लेने का अनुरोध किया। हावड़ा सिटी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
हावड़ा में एक ही परिवार चार सदस्यों को उतारा मौत के घाट
