नई दिल्ली : रविवार को बॉलीवुड से बेहद बुरी ख़बर आयी है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने आत्म हत्या कर ली। रिपोर्ट्स के अनुसार, सुशांत ने रविवार सुबह मुंबई में बांद्रा स्थित अपने निवास पर फांसी लगाकर आत्महत्या की। घटना की जानकारी नौकर ने पुलिस को दी। सुशांत के निधन से फ़िल्म इंडस्ट्री को ज़बरदस्त झटका लगा है। हर कोई अफ़सोस मना रहा है कि इतना टैलेंटेड एक्टर इतनी कम उम्र में इस तरह दुनिया को अलविदा कह गया। सुशांत के सुसाइड की वजह फ़िलहाल डिप्रेशन मानी जा रही है। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की वजह की पुष्टि के लिए पुलिस को अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार है। सुशांत के निधन का शोक देशभर में मनाया जा रहा है। फ़िल्म इंडस्ट्री से लेकर राजनीतिक और खेल जगत में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। ख़ासकर उनके गृह राज्य बिहार में लोगों हैरान होने के साथ सदमे में हैं। वहीं, अब सुशांत की मौत की जांच की मांग भी उठने लगी है। उनके मामा ने न्यायिक जांच की मांग की है। सुशांत को याद करके सोशल मीडिया में उन्हें लगातार श्रद्धांजलि देने का दौर जारी है।
मुंबई में हो सकता है अंतिम संस्कार, आज पहुंचेंगे पिता
