बिना किसी जानकारी के रद्द की गयी उड़ान, एअरपोर्ट पर यात्रियों ने मचाया हंगामा

कोलकाता : सप्ताह के पहले दिन सोमवार को सुबह से बिना किसी पूर्व जानकारी के 3 उड़ानों को रद्द कर देने के आरोप में सुभाषचंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय एअरपोर्ट पर यात्रियों ने विरोध जताया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार अहले सुबह करीब 3:45 बजे हैदराबाद जाने वाली गो एअर की उड़ान को बिना किसी जानकारी के रद्द कर दिया गया। बताया जाता है कि जब निर्धारित समय पर यात्री पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि खराब मौसम के कारण उक्त उड़ान को रद्द कर दिया गया है। इसके बाद से ही यात्रियों ने विरोध जताना शुरू कर दिया था। इसके बाद एअरपोर्ट प्रबंधन ने गो एअर की 6:58 बजे अहमदाबाद जाने वाली और 7:28 बजे गुवाहाटी जाने वाले विमानों को भी रद्द करने की घोषणा कर दी। लगातार 3 विमानों को रद्द करने के कारण तीनों विमानों के करीब ढ़ाई सौ यात्रियों का गुस्सा फुट पड़ा। गो एअर प्रबंधन की तरफ से बताया गया कि कुछ आंतरिक कारणों से तीनों विमानों को रद्द करना पड़ा है। यात्री यदि चाहे तो वे किसी अन्य विमान से अपने-अपने गंतव्य पर जा सकते हैं। ऐसी स्थिति में यात्रियों को टिकट के रूपए को वापस लौटा दिया जाएगा। यात्रियों ने इस प्रस्ताव को मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोपहर में करीब 12 बजे तक यात्रियों का हंगामा जारी रहा। 12 बजे हैदराबाद के लिए गो एअर की पहली उड़ान रवाना हुई। इसके बाद करीब 3 बजे अहमदाबाद और गुवाहाटी के लिए उड़ान रवाना हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कर्मचारियों के ड्यूटी रोस्टर को लेकर समस्या होने के कारण तीनों उड़ानों को रद्द करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *