भारत ने एक दिन में रिकॉर्ड 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच की

नयी दिल्ली: रोजाना कोविड-19 की जांच बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता को कायम रखते हुए भारत ने एक दिन में 10 लाख से अधिक नमूनों की जांच के महत्वपूर्ण स्तर को पार कर लिया है और अब तक देश में कुल 3.4 करोड़ से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जांच में व्यापक बढ़ोतरी हुई है।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘अधिक संख्या में जांच से जहां संक्रमण के मामलों की दर भी शुरू में बढ़ेगी, लेकिन तत्काल पृथक-वास, प्रभावी तरीके से रोगियों पर नजर रखने और समय पर प्रभावी एवं क्लीनिकल प्रबंधन जैसे अन्य उपायों से अंतत: यह कम होगी।’’

सूत्रों ने बताया कि शुक्रवार को कुल 10,23,836 नमूनों की जांच की गयी जिनमें से करीब 3.8 लाख नमूनों की जांच रैपिड एंटीजन तरीके से की गयी।

सूत्रों के मुताबिक अभी तक देश में कुल 3,44,91,073 नमूनों की जांच की जा चुकी है जिनमें से करीब 28 प्रतिशत मामलों में जांच रैपिड एंटीजन पद्धति से की गयी।

मंत्रालय ने कहा, ‘‘यह केंद्र और राज्यों तथा केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों के दृढ़ संकल्प वाले, केंद्रित, सतत और समन्वित प्रयासों का परिणाम है कि भारत ने 24 घंटे की अवधि में दस लाख से अधिक नमूनों की जांच की है।’’

मंत्रालय ने बताया कि जांच प्रयोगशालाओं के नेटवर्क में विस्तार की वजह से भी यह उपलब्धि हासिल हुई है। आज देश में 1,511 लैब हैं जिनमें 983 सरकारी क्षेत्र में तथा 528 निजी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *