पहले चरण में इन 30 करोड़ लोगों को दिये जायेंगे कोरोना के टीके
नई दिल्ली: भारत ने कोरोना वायरस टीकाकरण अभियान की तैयारी शुरू दी है। प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन पाने वाले 30 करोड़ लोग कौन होंगे, इसकी लिस्ट तैयार की जा रही है। इनमें ज्यादा खतरे वाली आबादी के अलावा फ्रंटलाइन वर्कर्स जैसे- हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, पुलिस, सैनिटेशन कर्मचारी होंगे। करीब 30 करोड़ लोगों के लिए 60 करोड़ टीके लगेंगे। एक बार वैक्सीन अप्रूव हो जाए, उसके बाद टीके लगना शुरू हो जाएंगे। प्रॉयरिटी लिस्ट में चार कैटेगरीज हैं- करीब 50 से 70 लाख हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, दो करोड़ से ज्यादा फ्रंटलाइन वर्कर्स, 50 साल से ज्यादा उम्र वाले करीब 26 करोड़ लोग और ऐसे लोग जो 50 साल से कम उम्र के हैं मगर अन्य बीमारियों से ग्रस्त हैं।पहले चरण में देश की 23% आबादी को कवर कर लिया जाएगा।