जेयू की अध्यापिका ने भाजपा पर लगाया धक्कामुक्की का आरोप

* भाजपा ने किया आरोपों से इनकार

कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में प्रोफेसर दोयिता मजूमदार ने भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं पर उनसे धक्कामुक्की करने का आरोप लगाया है।  प्रोफेसर का आरोप है कि भाजपा संगठन के एक सदस्य द्वारा संस्थान और एक विशेष समुदाय के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी का विरोध करने पर उनके साथ यह व्यवहार किया गया। इस घटना की निंदा शिक्षक संगठन जूटा ने भी की। जूटा की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति में साधारण सचिव पार्थप्रतिम राय ने कहा कि सोमवार 30 दिसंबर को जादवपुर के 8बी बस स्टैंड के निकट एक पार्टी के सदस्यों द्वारा जेयू की अध्यापिका दोयिता मजूमदार की शारिरीक प्रताड़ना की घटना की हम निंदा करते हैं। विज्ञप्ति में उन्होंने लिखा कि जूटा किसी भी प्रकार की शांतिपूर्ण विरोध का समर्थन करता है किन्तु विपरित मत होने के कारण किसी व्यक्ति द्वारा शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की घटना का विरोध करते हैं। जूटा राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग करता है। इसके साथ ही हम प्रोफेसर मजूमदार की हर प्रकार से मदद करने का आश्वासन भी देते हैं। विज्ञप्ति में बताया गया है कि 2 जनवरी 2020 गुरूवार को जादवपुर 8बी बस स्टैंड के निकट शाम को 3 बजे एक विरोध बैठक का आयोजन किया जाएगा। जेयू की अंग्रेजी विभाग की सहायक प्रोफेसर दोयीता मजूमदार ने फेसबुक पर आरोप लगाते हुए लिखा कि मैं सीएए-विरोधी रैली से लौट रही थी, तभी भाजपा की महिला कार्यकर्ताओं ने मेरे साथ धक्कामुक्की और दुर्व्यवहार किया। वहीं भाजपा ने अपने किसी भी कार्यकर्ता के इसमें शामिल होने की बात से इनकार कर दिया। इस बारे में शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि जब हम जेयू परिसर के बाहर एक बैठक कर रहे थे, तब घोर वाम दलों के कुछ समर्थक कार्यक्रम स्थल के पास आ कर नारे लगाने लगे। उन्होंने हमारे कार्यकर्ताओं को भी धक्का दिया। लेकिन हमने संयम बनाए रखा। हमारे कार्यकर्ताओं ने किसी भी हमला नहीं किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *