कोलकाता : भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शनिवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में ‘जंगल राज’ और ‘आतंक का राज’ है। नड्डा ने पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ वर्षों में राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं का ‘तर्पण’ भी किया। इसके बाद संवाददाताओं से नड्डा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार का वक्त खत्म हो गया है। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में ‘मारे गए भाजपा कार्यकर्ताओं’ के परिवार के सदस्यों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा, ‘पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार में ‘जंगल राज’ और आतंक का राज है। कानून का शासन न होने के कारण यहां ‘गुंडा राज’ है।’ भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, ‘लेकिन यह ‘जंगल राज’ जल्द ही खत्म हो जाएगा क्योंकि टीएमसी सरकार का समय खत्म हो गया है।’ उन्होंने कहा कि बनर्जी पश्चिम बंगाल में तेजी से अपना राजनीतिक आधार खो रही हैं। मुख्यमंत्री होने के नाते उनके पास कोई दूरदृष्टि नहीं है। इस दौरान भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष, मुकुल राय और अन्य नेता भी मौजूद थे।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में बीजेपी सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विकल्प के तौर पर उभर कर आई है। बीजेपी ने राज्य की 42 लोकसभा सीटों में से 18 पर जीत दर्ज की जो कि तृणमूल कांग्रेस से सिर्फ चार सीटें कम है। उधर, लोकसभा चुनाव के बाद से ही राज्य में बीजेपी और टीएमसी के बीच तल्खी बढ़ी है। साथ ही पिछले कुछ वर्षों में कई बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या हुई है। इसे लेकर बीजेपी और टीएमसी एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप करते रहे हैं।
जान गंवाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं का किया तर्पण
भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पश्चिम बंगाल में पिछले कुछ वर्षों के दौरान राजनीतिक हिंसा में ‘जान गंवाने वाले’ ‘भाजपा के कार्यकर्ताओं’ का शनिवार को ‘तर्पण’ किया। ‘तर्पण’ पितृ पक्ष में की जाने वाली एक रस्म है, जिसमें पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए उन्हें जल आर्पित किया जाता है। तर्पण महालय या पितृ पक्ष में किया जाता है, जिसके बाद दुर्गा पूजा उत्सव की शुरुआत होती है। भाजपा के राज्य महासचिव सयानतन बसु ने कहा, ‘भाजपा के मारे गए 67 कार्यकर्ताओं का सामूहिक तर्पण बागबाजार घाट पर किया गया। इस रस्म के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ मृतक परिवारों के सदस्य भी मौजूद थे। पिछले साल मारे गए दो मुस्लिम कार्यकर्ता का भी तर्पण किया गया।’ रस्म के बाद मृतक भाजपा कार्यकर्ताओं के परिजनों ने नड्डा से बातचीत की और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की।
भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर क्या मिल रहा है? : देवश्री
केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद देवश्री चौधरी ने कहा कि जब बंगाल में पार्टी की सरकार आएगी तब वह सीबीआई से उत्तरी दिनाजपुर में हुई दोनों छात्रों की हत्या की जांच करने को कहेगी। चौधरी ने कहा, ‘मैं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से पूछना चाहती हूं कि वह क्यों बंगाल में आंतक की घटनाओं पर नरम हैं। उनकी पार्टी को भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या कर क्या मिल रहा है? उनकी पार्टी को अगले विधानसभा चुनाव में मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।’