मुंबई: हाल ही में अभिनेत्री कंगना रनौत और शिवसेना नेता संजय राउत में बातो की जंग चल रही है। जहां एक ओर कंगना ने कहा कि संजय राउत ने उन्हें मुंबई ना आने की धमकी दी है और उन्हें मुंबई पीओके जैसे प्रतीत हो रही है तो वहीं संजय राउत ने किसी भी धमकी के आरोपों को नकारते हुए कहा कि कंगना के पीओके वाले कमेंट पर गृह मंत्रालय को उनके खिलाफ ऐक्शन लेना चाहिए। वहीं आज कंगना से माफी मांगने के सवाल पर संजय राउत ने कहा कि “यदि वह लड़की (कंगना रनौत) महाराष्ट्र से माफी मांगती है, तो मैं इस विषय पर विचार करूंगा। उसने मुंबई को छोटा पाकिस्तान कहा है। क्या उसके पास हिम्मत है कि वह यही अहमदाबाद के लिए कहे?”
बता दें कि इससे पहले गुरुवार के दिन कंगना ने ट्वीट किया था कि “शिव सेना लीडर संजय राउत ने मुझे खुली धमकी दी है और मुझसे कहा है कि मुंबई वापस न आऊं, मुंबई की गलियों में आजादी ग्रैफिटी और अब खुली धमकी, मुंबई पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर जैसी फीलिंग क्यों दे रहा है?” जिसके बाद उन्हें कई लोगों से फटकार मिली। ऐसे ही दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि ‘एक बड़े अभिनेता की मौत के बाद मैंने ड्रग ओर मूवी माफिया रैकेट के विषय में बोला। मुझे मुंबई पुलिस पर भरोसा नहीं है क्योंकि उन्होंने ऐसऐसआर की शिकायतों को अनदेखा किया। उसने सबको कहा कि वो लोग उसे मार डालेंगे फिर भी अंत में वह मारा गया। अगर मै असुरुक्षित महसूस करती हूं तो क्या इसका अर्थ यह है कि मै इंडस्ट्री ओर मुंबई से नफरत करती हूं?’ इसके जवाब में राउत ने कंगना को झूठा बताते हुए लिखा कि ‘मुंबई ने कंगना को कितना कुछ दिया किन्तु अब वो मुंबई ओर मुंबई पुलिस का नाम दुनिया भर में खराब करने का काम कर रही हैं।‘