रेल सेवाएं बाधित
कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुरुवार को एक व्यक्ति के मेट्रो के आगे कूदकर आत्महत्या की कोशिश का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस घटना के बाद कुछ देर तक के लिए मेट्रो का परिचालन बाधित रहा। आधे घंटे बाद मेट्रो प्रबंधन की कोशिशों से सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं। अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार सुबह 9 बजकर 24 मिनट के आसपास दमदम की ओर जा रही मेट्रो ने बेलगाछी मेट्रो स्टेशन में प्रवेश किया। इसी दौरान एक शख्स आत्महत्या के इरादे से ट्रेन के आगे कूद गया। हालांकि, वहां उपस्थित लोगों की मदद से उसकी जान बचा ली गई और उसे घायल अवस्था में सरकारी आर-जी कार मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के बाद काफी देर तक मेट्रो सेवा बाधित रही। हालांकि, कर्मचारियों और अधिकारियों की मदद से 35 मिनट बाद 10 बजकर एक मिनट पर सेवाएं फिर से बहाल कर दी गईं।