बलिया/लखनऊ: बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र के दुर्जनपुर ग्राम में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान के आवंटन के दौरान एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस के विशेष कार्यबल (एसटीएफ) ने रविवार को मुख्य आरोपी को लखनऊ में गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही बलिया से दो और नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।यह जानकारी अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने दी।
कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किये गये मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह और नामजद आरोपी संतोष यादव और अमरजीत यादव पर पुलिस ने 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।एसटीएफ के पुलिस महानिरीक्षक अमिताभ यश ने रविवार को बताया ‘बलिया कांड के मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह को राजधानी के पॉलिटेक्निक चौराहे से गिरफ्तार किया गया है।’
उन्होंने बताया कि धीरेंद्र प्रताप सिंह से घटना में प्रयुक्त असलहों के बारे में पूछताछ की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी की जानकारी बलिया पुलिस को दी गई है और पूछताछ के बाद उसे बलिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।