अमित शाह से मिलने हुईं रवाना
कोलकाता : ओडिशा में आयोजित आंतरिक सुरक्षा के मुद्दे पर मुख्यमंत्रियों की बैठक में शामिल होने के लिए ममता बनर्जी मंगलवार को ओडिशा रवाना हो गईं। यहां दमदम हवाई अड्डे पर उन्होंने मीडिया से बात की और दिल्ली में हुई हिंसा को लेकर चिंता जाहिर की। सीएम ने सभी पक्षों से शांति बरतने की अपील की और एक दूसरे के साथ मिलजुल कर रहने का आह्वान किया। ममता ने कहा कि दिल्ली के हालात को लेकर वह चिंतित हैं। उन्होंने पूरे हालात पर नजर रखा है। यह देश सबको समाहित कर एक साथ लेकर चलने वाला देश है। हम सभी को एक साथ मिलकर रहना होगा। दिल्ली में शांति की अपील करते हुए ममता ने कहा कि सभी लोगों को सोचना होगा कि कैसे शांति बहाल हो। इसके लिए हमें अपनी सभ्यता और संस्कृति को ध्यान में रखना होगा। यह देश सब का है और सभी को मिलजुल कर रहना चाहिए। इतना कहने के बाद मुख्यमंत्री फ्लाइट पकड़ने के लिए रवाना हो गईं। उल्लेखनीय है कि ओडिशा में 5 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अमित शाह की बैठक होनी है। इसमें आंतरिक सुरक्षा और घुसपैठ पर भी चर्चा हो सकती है। इसमें शामिल होने के लिए ममता बनर्जी को आमंत्रित किया गया था। कयास लगाए जा रहे थे कि शायद ममता बनर्जी इसमें नहीं जाएंगी लेकिन अब सीएम इस बैठक में शामिल होने के लिए रवाना हो चुकी हैं।