नई दिल्ली :कोरोना वायरस से लड़ाई लड़ रहे भारत के लिए एक गुड न्यूज है। कोरोना केसेज डबल होने में अब ज्यादा वक्त लग रहा है। यही नहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन के मुताबिक, भारत में इस बीमारी से मरने वालों की दर दुनिया में सबसे कम है। उन्होंने बताया कि अगर पिछले 14 दिन में डबलिंग रेट 10.5 दिन था तो आज यह करीब 12 दिन हो गया है। उन्होंने कहा कि हमारा मॉर्टलिटी रेट 3.2 प्रतिशत है जो कि दुनिया में सबसे कम है। स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि 10 हजार से ज्यादा COVID-19 के मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं।
अबतक 10,632 पेशेंट हुए ठीक
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह 8 बजे जारी आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना पीड़ित रहे 10,632 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। एक मरीज विदेश चला गया है। सुबह के अपडेट के अनुसार, COVID-19 से जान गंवाने वालों की संख्या 1,301 हो गई है। वायरस से संक्रमित लोगों की कुल संख्या अब 39,980 तक पहुंच चुकी है। मंत्रालय के मुताबिक, 28,046 लोग अब भी कोविड-19 से संक्रमित हैं।