हैदराबाद : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कहा कि कोई भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप नहीं लगा सकता।
हैदराबाद के नजदीक महेश्वरम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) ने पूर्व में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में और 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश में सरकार चला रही है, ‘‘लेकिन , मैं पूरे विश्वास से कह सकता हूं कि देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में कोई उंगली उठाकर नहीं कह सकता कि हमारे प्रधानमंत्री या सरकार पर भ्रष्टाचार के दाग हैं।’’
सिंह ने दावा किया कि मनमोहन सिंह नीत पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूएपीए) सरकार में कुछ मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल तक जाना पड़ा था।
केंद्रीय मंत्री ने रेखांकित किया कि भ्रष्टाचार का समाधान केवल भाषणों से नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार से निजात पाने के लिए व्यवस्था में बदलाव करना होता है।
सिंह ने कहा कि केवल नरेन्द्र मोदी ही देश में भ्रष्टाचार का मुकाबला कर सकते हैं।
केंद्र सरकार की योजनाओं का संदर्भ देते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि वित्तीय सहायता अब प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के जरिये सीधे लाभार्थियों तक पहुंच रहा है।
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सरकार पर भ्रष्टाचार और परिवार के शासन के मुद्दे पर निशाना साधते हुए सिंह ने मतदाताओं से अनुरोध किया कि 30 नवंबर को विधानसभा चुनाव में वे भाजपा के पक्ष में मतदान करें।
कोई भी मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने का आरोप नहीं लगा सकता : राजनाथ सिंह
