कोलकाता: पश्चिम बंगाल में अक्टूबर में होने वाली दुर्गा पूजा के दौरान रात्रि कर्फ्यू लागू होने की फर्जी पोस्ट लिखने के आरोपी को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।उन्होंने कहा कि कोलकाता पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने ऐसी पोस्ट लिखने में कथित रूप से शामिल दो अन्य व्यक्तियों को शहर में स्थित उनके निवास से गिरफ्तार किया।
पश्चिम बंगाल पुलिस ने ट्वीट किया कि व्हाट्सएप्प और फेसबुक पर दुर्गा पूजा के बारे में फर्जी पोस्ट लिखने और डालने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस, गिरफ्तार किए गए व्यक्ति और उसके संपर्कों की जांच कर रही है।पिछले पांच महीनों में पुलिस ने फर्जी, सांप्रदायिक और शरारतपूर्ण पोस्ट लिखने के लिए 259 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने कहा कि इस बीच कोलकाता पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने फर्जी पोस्ट के संबंध में रीजेंट पार्क और पंचसायर इलाके से दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया।कोलकाता पुलिस के सूत्रों के अनुसार अपराध में शामिल और लोग पुलिस की निगाह में हैं।सोशल मीडिया पर डाली गई पोस्ट में लिखा गया था कि पश्चिम बंगाल में कोविड की स्थिति को देखते हुए दुर्गा पूजा के दौरान पांच रात तक कर्फ्यू लागू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा था कि कुछ लोग फर्जी खबरें फैला रहे हैं कि सरकार दुर्गा पूजा पर प्रतिबंध लगा देगी।इस संबंध में पश्चिम बंगाल पुलिस ने ट्वीट किया था, “व्हाट्सएप्प के जरिये दुर्गा पूजा पर अफवाह फैलाई जा रही है। ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। कृपया ऐसे संदेश आगे न बढ़ाएं। यह फर्जी है। कार्रवाई की जा रही है।”
बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर अफवाह फैलाने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
