बृज मंडल सभा की पहल पर नोएडा से आया है वैन
2 दिन से दे रहा है आउट्राम घाट पर सेवा
कोलकाता : 15 जनवरी यानी मकर संक्रांति के दिन पवित्र स्नान के लिए भक्तों का रेला गंगासागर की ओर कूच करने वाला है। इससे पहले कोलकाता के आउटराम घाट में भारी संख्या में भक्त जुटने लगे हैं। 3 दिन बाद होने वाले पवित्र स्नान के लिए सागर द्वीर रवाना होने से पहले श्रद्धालु यहां भजन-कीर्तन करके अपना वक्त बिता रहे हैं। लाखों की संख्या में तीर्थयात्री भी आउट्राम घाट में लगे सेवा शिविरों में रूके हुए हैं। ज्ञात हो कि कोलकाता के आउटराम घाट से ही बसों और अन्य वाहनों के जरिये गंगासागर जाने वाले श्रद्धालु सागर द्वीप के लिए रवाना होते हैं। देश के कोने-कोने से लोग यहां जुट गए हैं और यहां से गंगासागर की यात्रा शुरू करेंगे। लोग सरकारी और निजी बसों से यात्रा शुरू करते हैं। इसके अलावा भारी संख्या में सामाजिक संस्थाएं हैं, जो श्रद्धालुओं को यात्रा पूरी करने में मदद करती हैं। सामाजिक संस्थाएं आउट्राम घाट पर अपनी-अपनी शिविर लगाए हुए है। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने-पीने और यहां से गंगासागर तक की यात्रा कराने की व्यवस्था ये संस्थाएं करती हैं। बृज मंडल सभा भी उक्त सामाजिक संस्थाओं में से ही एक है। इसी संस्था की ओर से गंगासागर में पहली बार ‘रोटी ऑन व्हील्स’ को बुलाया गया है। बता दें कि संतोष ललिता जैन फाउंडेशन द्वारा इसकी पहल की गयी थी। यह एक गाड़ी है जिसमें रोटी बनाने की मशीन लगाई गई है। इस मशीन की मदद से कम समय और मेहनत के तुरंत रोटियां बन जाती है। गाड़ी पर रोटी बनने के कारण ही यह ‘रोटी ऑन व्हील्स’ के नाम से प्रसिद्ध है।
नोएडा से आया है वैन
बृज मंडल सभा के कोषाध्यक्ष राज कुमार उपाध्याय ने बताया कि आउट्राम घाट में पहली बार ‘रोटी ऑन व्हील्स’ की सुविधा दी जा रही है। ‘रोटी ऑन व्हील्स’ को रोटी की सेवा देते हुए पहली बार दिल्ली के एक गुरुद्वारा में देखा था। तभी उन्हें यह विचार आया कि आउट्राम घाट पर भी यह सेवा दी जा सकती है। वही गंगा सागर जाने वाले ज्यादातर भक्त उत्तर भारतीय है जहां खाने में रोटी का प्रचलन सबसे अधिक होता है। इस कारण सभा के अन्य सदस्यों के साथ बातचीत करने के बाद ‘रोटी ऑन व्हील्स’ के सदस्यों से संपर्क किया गया और दो दिनों के लिए नोएडा से किराए पर आउट्राम घाट लाया गया है। सभा के कोषाध्यक्ष ने बताया कि ‘रोटी ऑन व्हील्स’ का 2 दिन का किराया 18 हजार रुपये है।
एक दिन में खाएं 50 हजार तीर्थयात्री
सभा के कोषाध्यक्ष ने बताया कि ‘रोटी ऑन व्हील्स’ ने आउट्राम घाट पर शनिवार और रविवार को सेवा दे रहा है। दोनों दिन ही सुबह 10 बजे से रात के 8.30 बजे तक सेवा दी। उन्होंने कहा कि शनिवार को करीब 50 हजार लोगों को रोटियां खिलायी गयी। सभा के कोषाध्यक्ष ने बताया कि ‘रोटी ऑन व्हील्स’ की तरफ से रोटी और आचार दिया जाता है और सब्जी की व्यवस्था सभा की ओर से होती है। साथ ही उन्होंने बताया कि आउट्राम घाट पर आने वाले किसी भी तीर्थ यात्री को यदि रोटी खाने की इच्छा होती है तो वे उनके शिविर में आकर खा सकते हैं। उनका दावा है कि आउट्राम घाट पर केवल उनके शिविर पर ही भोजन में रोटी उपलब्ध है।
Story – खुशबू सिंह