भ्रष्टाचार के मामले में बंगाल में वर्ष 2017 की तलुना में शिकायतों में आयी है कमी
महाराष्ट्र में दर्ज हुई है भ्रष्टाचार के सबसे ज्यादा मामले, दूसरे पायदान पर है ओडिशा
बबीता माली
कोलकाता : आज जहां देश भ्रष्टाचार का दंश झेल रहा है वहीं बंगाल में भ्रष्टाचार के मामले में कमी देखी गयी है। पूरे देश के आंकड़ों पर गौर किया जाये तो बंगाल की स्थिति इस मामले में काफी बेहतर है। इसका खुलासा नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) से हुआ है। एनसीआरबी रिपोर्ट के अनुसार पूरे देश में भ्रष्टाचार के 4244 मामले सामने आये हैं। इनमें बंगाल में केवल 9 मामले ही दर्ज किया गया है। हालांकि पूरे देश में महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार के सबसे ज्यादा 936 मामले दर्ज किये गये हैं जबकि दूसरे स्थान पर ओडिशा है जहां 494 मामले दर्ज किये गये हैं। आंकड़ों से यह भी पता चल रहा है पूरे देश में वर्ष 2017 की तुलना में वर्ष 2018 में भ्रष्टाचार के मामलों की संख्या में इजाफा हुआ है वहीं बंगाल में वर्ष 2017 की तुलना में वर्ष 2018 में भ्रष्टाचार के मामलों में कमी देखी गयी है। वर्ष 2017 में पूरे देश में भ्रष्टाचार के 4042 मामले दर्ज किये गये थे जो वर्ष 2018 में बढ़कर 4244 हो गयी है। वहीं बंगाल में वर्ष 2017 में भ्रष्टाचार के 15 मामले दर्ज किये गये थे जो वर्ष 2018 में घटकर 9 हो गयी। हालांकि वर्ष 2016 में बंगाल में भ्रष्टाचार के 16 मामले दर्ज किये गये थे।
एसीबी, विजिलेंस और लोकायुक्त द्वारा दर्ज किये गये हैं मामले
एनसीआरबी से मिली जानकारी के अनुसार जितने भी मामले दर्ज किये गये हैं, वे सभी मामले एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी), विजिलेंस और लोकायुक्त द्वारा दर्ज किये गये हैं। ट्रैप केस, बेहिसाबी संपत्ति और अपराधिक आचरण के तहत ही मामले दर्ज किये गये हैं। वर्ष 2018 में बंगाल में ट्रैप केस के तहत 4 मामले और बेहिसाबी संपत्ति से संबंधित 5 मामले दर्ज किये गये हैं। वहीं पूरे देश में ट्रैप केस के सबसे ज्यादा मामले 2807 दर्ज किय गये हैं। इसके बाद बेहिसाबी संपत्ति के 401, अपराधिक आचरण के 769 और अन्य के तहत 267 मामले दर्ज किये गये हैं।
बंगाल में हुई गिरफ्तारी व मामले की स्थिति
एनसीआरबी से मिले आंकड़ों के अनुसार बंगाल में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 130 के खिलाफ चार्जशीट पेश किया गया। हालांकि पूरे देश में भ्रष्टाचार के आरोप में 4382 लोगों को गिरफ्तार किया गया जबकि 4710 लोगोे के खिलाफ चार्जशीट पेश किया गया है। वहीं आंकड़ों के अनुसार बंगाल में वर्ष 2017 में 23 मामलों की जांच लंबित थी जबकि वर्ष 2018 में 9 मामले और शामिल हो गये हैं। इस बाबत कुल 32 मामलों में 1 मामले में फाइनल रिपोर्ट जमा कर दिया गया है। 20 मामलों में चार्जशीट जमा की जा चुकी है। वर्तमान में 11 मामले की जांच लंबित बतायी जा रही है। साथ ही 59 मामलों का ट्रायल शुरू किया जा चुका है।
एक नजर में बंगाल में दर्ज मामलों की स्थिति
कुल दर्ज मामले 9
गिरफ्तारी 8
चार्जशीट में शामिल अभियुक्त 130
फाइनल रिपोर्ट जमा 1
मामलों में जमा की गयी चार्जशीट 20
जांच लंबित 11
ट्रायल जारी 59