2018-19 में विकास दर 12.58%
-पहले 10 राज्योें में 2 भाजपा शासित
कोलकाता : प्रदेश भाजपा के साथ ही केंद्रीय स्तर पर भी भाजपा नेताओं ने पश्चिम बंगाल के विकास व विकास दर पर सवाल खड़े किए थे। यहां तक कि लोकसभा चुनाव के दौरान कई दफे प्रचार के दौरान स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को बंगाल के विकास में स्पीड ब्रेकर होने का गंभीर आरोप लगाया था। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी ममता बनर्जी को पश्चिम बंगाल के विकास में सबसे बड़ी बाधा बताया था। लेकिन भाजपा के दोनों शीर्ष नेताओं के दावे व आरोपों को स्वयं केंद्र सरकार की ओर से जारी राज्यों के विकास दर की रिपोर्ट ने गलत ठहरा दिया है। द मिनिस्ट्री ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन द्वारा वर्ष 2018-19 के लिए राज्यों के विकास दर की रिपोर्ट जारी की गई है। इसमें प्रथम 10 राज्यों के विकास दरों की बात कही गई है जिनमें पश्चिम बंगाल 12.58% के साथ टॉप पर है। वहीं, केवल 2 राज्य ही प्रथम 10 राज्यों में स्थान बना सके हैं।
द मिनिस्ट्री ऑफ स्टैटिस्टिक्स एंड प्रोग्राम इंप्लीमेंटेशन की रिपोर्ट में जहां पश्चिम बंगाल विकास दर में टॉप पर है वहीं, आंध्र प्रदेश दूसरे व बिहार तीसरे स्थान पर है। लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि अकेले भाजपा शासित राज्य कर्नाटक व हरियाणा 2018-19 में विकास दर के मामले में क्रमशः 5वें व 9वें स्थान पर है। कर्नाटक में 15 दिन पहले तक कांग्रेस तथा जेडीएस की संयुक्त सरकार थी। इस तरह अगर कर्नाटक को अलग रखें तो चालू वित्त वर्ष में प्रथम 10 राज्यों में भाजपा शासित केवल एक मात्र हरियाणा ही स्थान बना पाया है। वहीं, पश्चिम बंगाल ने टॉप स्थान प्राप्त किया है।
डेरेक की ट्वीट : इस, बीच तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ ब्रायन ने भी भारत सरकार की ओर से जारी रिपोर्ट का हवाला देते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है कि भारत सरकार की ओर से जारी आंकड़े। राज्यों के विकास दर। आपके राज्य का प्रदर्शन कैसा है?? उन्होंने रिपोर्ट के आंकड़े भी ट्वीट किया है। माना जा रहा है कि डेरेक ने ट्वीट के माध्यम से पश्चिम बंगाल के विकास के मामले में पिछड़ने के भाजपा के शीर्ष नेताओं को निशाना बनाया है।
राज्य विकास दर(%) राज्य विकास दर(%)
*पश्चिम बंगाल 12.58 पुडुचेरी 08.68
आंध्र प्रदेश 11.02 दिल्ली 08.61
बिहार 10.53 ओडिशा 08.26
तेलंगाना 10.50 हरियाणा 08.19
कर्नाटक 09.53 तमिलनाडू 08.17