नैहाटी नगर निकाय पर फिर से तृणमूल कांग्रेस ने किया अपना कब्जा

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने बुधवार को नैहाटी नगर निकाय पर फिर से अपना कब्जा जमा लिया। अधिकारियों ने बताया कि 31 सदस्यीय नगर निकाय में विश्वासमत के तहत हुए मतदान में तृणमूल कांग्रेस ने 24-0 से जीत दर्ज की। शेष सात पार्षदों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। गौरतलब है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद 31 में 18 पार्षदों ने अपना पाला बदल लिया था और वे भाजपा में शामिल हो गये थे। इससे नगर निकाय में भगवा पार्टी का प्रभावी नियंत्रण हो गया था। भाजपा में शामिल होने वालों में नगर निकाय के उपाध्यक्ष भी शामिल थे। हालांकि, इनमें से 10 दलबदलू पार्षद दो महीने के अंदर ही फिर से तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गये। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें भगवा पार्टी में डरा धमका कर शामिल कराया गया था। हालांकि भगवा पार्टी ने इस आरोप से इनकार किया है। नैहाटी के घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया प्रकट करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता मुकुल राय ने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह पार्षदों को पार्टी में वापस लाने के लिये राजनीतिक और प्रशासनिक शक्तियों का इस्तेमाल कर रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *