शालीमार स्टेशन के बाहर तृणमूल कार्यकर्ता की सरेआम गोली मारकर हत्या

घटना के विरोध में की गई तोड़फोड़, आगजनी

हावड़ा,समाज्ञा:शालीमार स्टेशन के बाहर स्थानीय एक तृणमूल कार्यकर्ता को गोली मारी गयी। मंगलवार की शाम करीब 5 बजे सरेआम प्वाइंट ब्लांक रेंज से उक्त कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। मृत तृणमूल नेता का नाम धर्मेंद्र सिंह (42) है। वह बी. गार्डेन इलाके का रहने वाला था। धमेंद्र वार्ड नंबर 39 के तृणमूल कांग्रेस के नेता थे। वह बिल्डिंग मटेरियल सप्लायर भी था। उसे युवा नेता के रूप में जाना जाता था। जानकारी के अनुसार वह काम खत्म करके शालीमार से अपने घर बी गार्डेन की ओर जा रहे थे, तभी यह घटना घटी। हालांकि किस कारण से और किसने तृणमूल नेता पर हमला किया, यह अभी भी अज्ञात है। हालांकि पुलिस का प्राथमिक अनुमान ​​है कि हत्या व्यावसायिक कारणों से हुई है। वहीं तृणमूल कार्यकर्ता की हत्या के विरोध में स्थानीय लोगों ने तोड़फोड़ व आगजनी की।

क्या है पूरी घटना
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि धर्मेंद्र बाइक पर सवार होकर शालीमार स्टेशन के बाहर गेट नंबर तीन के पास ओवरब्रिज पर चढ़ रहा था। उसके साथ एक दोस्त भी बाइक पर बैठा था। इस दौरान दो बाइक उनका पीछा करते हुए मौके पर पहुंची। आरोप है कि ओवरब्रिज पर चढ़ने के समय बदमाशों ने धर्मेंद्र को लक्ष्य करके प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मारी। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, करीब छह राउंड गोली चलाई गई है। गोली लगते ही वह खुन से लथपथ होकर बाइक से छिटककर सड़क पर गिर गया। बताया गया है कि धमेंद्र को एक गोली सिर पर व बाकी दो गोली सीने में लगी, जबकि उनके साथी को एक गोली हाथ में लगी। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गये। लगभग 10 मिनट बाद, स्थानीय लोग जख्मी अवस्था में दोनों को आंदूल रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने तृणमूल कार्यकर्ता को मृत घोषित कर दिया। जबकि उसका दोस्त गंभीर अवस्था में इलाजरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *