आरोपी जवान ने किया आत्मसमर्पण
दिनाजपुर : भारत और बांग्लादेश की सीमा पर उतर दिनाजपुर के मालदह खण्ड में तैनात बीएसएफ जवानों के बीच हुए विवाद के बाद एक बीएसएफ जवान ने अपने दो अन्य साथियों पर गोली चला दी। इस गोलीबारी में दो बीएसएफ अधिकारियों की मौत हो गई है। मृतक बीएसएफ जवानों की शिनाख्त बीएसएफ के इंस्पेक्टर महिंद्रा सिंह भट्टी और बीएसएफ जवान उत्तम कुमार के रूप में हुई है जबकि गोली चलाने का आरोप उत्तम सूत्रधर नामक जवान पर लगा है। बताया जाता है कि तीनों सुबह करीब तीन बजे ड्यूटी कर रहे थे। उसी समय कथित तौर पर छुट्टी को लेकर हुए विवाद के बाद उत्तम सूत्रधर ने गोली चला दी। इसमें दोनों जवानों की मौत हो गई। इस घटना के बाद उत्तम ने अपने कमांडेंट के पास जाकर आत्मसमर्पण कर दिया। बीएसएफ के साथ ही रायगंज थाना पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।