नई दिल्ली : केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी कोरोना वायरस की चपेट में आ गए हैं। इस वजह से उन्हें शनिवार (8 अगस्त) सुबह एम्स ट्रॉमा सेंटर के प्राइवेट वार्ड में भर्ती किया गया है। मेडिसिन विभाग के डॉ नीरज निश्चल के नेतृत्व में उनका इलाज चल रहा है। हालांकि उन्हें कोरोना का हल्का संक्रमण है। उन्हें शारीरिक रूप से खास परेशानी नहीं है।
60 साल से अधिक उम्र होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी गई। इस वजह से उन्हें एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती किया गया है। डॉक्टर उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि शनिवार को ही उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व केंद्रीय पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धमेंद्र प्रधान कोरोना से पीड़ित हुए हैं। वे गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं।
केंद्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल कोरोना पॉजिटिव,AIIMS में भर्ती
