डायमंड हार्बर (पश्चिम बंगाल):पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में अज्ञात बदमाशों ने भाजपा महिला इकाई की एक नेता पर सोमवार को गोलियां चलायी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयीं।पुलिस ने यह जानकारी दी।पुलिस ने बताया कि जिले के बिष्णुपुर इलाके में भारतीय जनता महिला मोर्चा की एक इकाई की उपाध्यक्ष राधारानी नस्कर पर रघुदेबपुर गांव में उनके घर के पास गोलियां चलायी गयीं।
भाजपा के एक नेता ने कहा कि एक स्थानीय अस्पताल ने उन्हें भर्ती नहीं किया और बाद में भाजपा नेता को कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया।भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ है क्योंकि सत्तारूढ़ पार्टी महिला मोर्चा की आवाज को चुप कराना चाहती है।तृणमूल कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन किया और दावा किया कि यह भाजपा के अंदर गुटबाजी का नतीजा है।पुलिस ने कहा कि अभी तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुयी है।
बंगाल में भाजपा महिला इकाई की नेता को अज्ञात बदमाशों ने मारी गोली
