पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने राज्य सरकार पर दुर्गा पूजा त्योहार के आयोजन को लेकर साधा निशाना

कोलकाता : पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने शुक्रवार को राज्य सरकार पर दुर्गा पूजा त्योहार के आयोजन को लेकर निशाना साधा। घोष ने कहा कि जब राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति ‘पूरी तरह चौपट’ है तब यह आयोजन लोकतंत्र का मजाक’ है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार तब त्योहार का आयोजन कर रही है जब राज्यभर में भाजपा कार्यकर्ता मारे जा रहे है। घोष ने कहा कि इसका (त्योहार का) उद्देश्य लोगों का ध्यान भटकाना है। घोष ने संवाददाताओं से कहा, ‘ मुर्शिदाबाद में तिहरे हत्याकांड के अलावा दुर्गा पूजा के दौरान पांच भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हुई। मुर्शिदाबाद में जिस शिक्षक की हत्या हुई वह हमारी पार्टी का समर्थक था। यह घटना राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति को प्रदर्शित करती है और राज्य सरकार त्योहार का आयोजन कर रही है जो और कुछ नहीं केवल लोकतंत्र का मजाक है।’ उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की नाकामियों से लोगों का ध्यान हटाने की कोशिश है। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह ध्वस्त होने के संबंध अवगत कराने के लिए भाजपा द्वारा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से समय मांगे जाने के बाद घोष का यह बयान आया है। वहीं तृणमूल कांग्रेस ने घोष के आरोपों को खारिज कर दिया है। तृणमूल ने कहा कि भगवा पार्टी देश के समक्ष आर्थिक मंदी से लोगों को ध्यान हटाने का प्रयास कर रही है। तृणमूल के वरिष्ठ नेता तापस रॉय ने कहा कि भाजपा को आधारहीन आरोप लगाने बंद करने चाहिए। बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद ठीक है। केवल भाजपा इसे खराब करने की कोशिश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *